रांची: बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव को देखते हुए रांची जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा 28 से 30 अक्टूबर तक जिले में ऑरेंज अलर्ट और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी किए जाने के बाद प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा-34 के तहत रांची जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) और निजी विद्यालयों में 28 और 29 अक्टूबर को कक्षा KG से 12वीं तक का पठन-पाठन कार्य पूरी तरह स्थगित रहेगा।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी निजी स्कूल में इन तिथियों पर पूर्व से परीक्षाएं निर्धारित हैं, तो विद्यालय प्रबंधन अपने स्तर पर परीक्षा आयोजित करने या स्थगित करने का निर्णय ले सकता है। हालांकि, संबंधित स्कूलों को अपने निर्णय की सूचना अनिवार्य रूप से जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) या जिला शिक्षा अधीक्षक (DSE) कार्यालय को देनी होगी।
छात्रों के लिए कक्षाएं स्थगित रहने के बावजूद सभी विद्यालयों के शिक्षक और शिक्षिकाओं को निर्धारित दिनों पर स्कूल में उपस्थित रहना होगा। इस दौरान वे गैर-शैक्षणिक कार्यों का संपादन करेंगे। सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों के शिक्षकों के लिए ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर दैनिक उपस्थिति दर्ज करना अनिवार्य रहेगा
मौसम के मिजाज को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी स्कूल प्रबंधनों, शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों से अपील की है कि वे मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर रखें और सुरक्षा मानकों का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति या शिकायत के लिए प्रशासन ने आधिकारिक व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर ‘अबुआ साथी’ (9430328080) जारी किया है।
