रांची। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर झारखंड विधानसभा का विशेष सत्र 25 और 26 नवंबर को आहुत होगा। यह निर्णय मंगलवार को हुई कैबिनेट की बैठक में लिया गया।
कैबिनेट में कहा गया है कि विधानसभा का विशेष सत्र शीतकालीन सत्र के दौरान आहुत किया जाएगा। कैबिनेट में लिए गए फैसलों की जानकारी कैबिनेट सचिव वंदना डाडेल ने पत्रकारों को दी। उन्होंने बताया कैबिनेट ने कुल 62 प्रस्तावों पर सहमति दी।
कैबिनेट में झारखंड मेडिको सिटी के लिए संबद्ध आधारभूत संरचना के निर्माण लिए 2 अरब 84 करोड 17 लाख 24 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई।
कैबिनेट ने एमजीएम मेडिकल कॉलेज, जमशेदपुर परिसर में 500 शय्या वाले अस्पताल के भवन निर्माण की योजना के लिए पांच अरब 45 करोड 38 लाख 33 हजार रुपये की लागत पर पुनरीक्षित प्रशासनिक स्वीकृति दी।
कैबिनेट ने चांडिल जलाशय से जल लिफ्ट कर सरायकेला-खरसांवा जिलान्तर्गत नीमडीह एवं कुकडू प्रखंड में भूमिगत पाईपलाईन से सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर नीमडीह-कुकडू मेगालिफ्ट सिंचाई योजना के लिए 06 अरब 07 करोड 03 तीन लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई।
