रांची: केंद्रीय मनश्चिकित्सा संस्थान (सीआईपी), रांची में “नशा मुक्त खुशहाल भारत” अभियान के तहत “नशे को कहें ना” (Say No to Drugs) विषय पर एक विशेष शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन और समाज को मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा एक स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयासों को गति देना था।
कार्यक्रम में संस्थान के निदेशक डॉ. वी. के. चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। वहीं, शपथ ग्रहण की पहल मनश्चिकित्सा विभाग के प्रोफेसर डॉ. अनिरुद्ध मुखर्जी द्वारा की गई।
इस अभियान में सीआईपी के अधिकारियों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। संस्थान के 100 से अधिक कर्मियों ने स्वयं नशे से दूर रहने और समाज में इसके खिलाफ जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
संबोधन के दौरान वक्ताओं ने नशे के गंभीर दुष्परिणामों और मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले इसके नकारात्मक प्रभावों को रेखांकित किया। साथ ही यह संदेश दिया गया कि नशे की रोकथाम केवल प्रशासनिक नहीं, बल्कि व्यक्तिगत और सामाजिक जिम्मेदारी भी है।
केंद्रीय मनश्चिकित्सा संस्थान ने इस आयोजन के जरिए मानसिक स्वास्थ्य संवर्धन और मादक पदार्थों से होने वाले विकारों की रोकथाम को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम का समापन एक खुशहाल और नशामुक्त राष्ट्र निर्माण के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

