रांची, 14 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की भावना को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (डीएसपीएमयू), रांची में शुक्रवार को भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा का नेतृत्व विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) राजीव मनोहर ने किया।
विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) एवं राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) इकाई के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस यात्रा में विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी, NSS स्वयंसेवक, NCC कैडेट्स एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत नारों के साथ राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. (डॉ.) राजीव मनोहर ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्र की पहचान नहीं, बल्कि स्वतंत्रता, एकता, संप्रभुता, त्याग और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने तथा जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल अकादमिक ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि उनमें राष्ट्रप्रेम, सामाजिक उत्तरदायित्व, अनुशासन और संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता विकसित करना भी है। तिरंगा यात्रा इसी भावना का जीवंत उदाहरण है।
यात्रा के दौरान पूरे विश्वविद्यालय परिसर में देशभक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में विश्वविद्यालय की NSS एवं NCC इकाइयों के पदाधिकारियों, स्वयंसेवकों, कैडेट्स, शिक्षकों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित इस तिरंगा यात्रा ने विश्वविद्यालय परिसर में राष्ट्रभक्ति एवं राष्ट्रीय गौरव की भावना को और प्रबल किया।
