रांची : दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त सह डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय, रांची के नए प्रभारी कुलपति अंजनी कुमार मिश्रा ने विश्वविद्यालय में अपनी पहली आधिकारिक बैठक सह संवाद किया। इस क्रम में उन्होंने विश्वविद्यालय की विभिन्न अकादमिक और प्रशासनिक गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। यह जानकारी उन्होंने विभिन्न संकायों के डीन, विभागाध्यक्ष और शिक्षकों के साथ परस्पर संवाद कर प्राप्त किया। उन्होंने अपने संबोधन में दौरान कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता विश्वविद्यालय की अकादमिक गतिविधियों में एकरूपता लाने की है। इसके अंतर्गत नामांकन प्रणाली में पारदर्शिता, परीक्षा पद्धति का सरलीकरण, वर्ग सारणी में एकरूपता और पुस्तकालय को अद्यतन बनाने के साथ साथ विद्यार्थियों की उपस्थिति को भी अनिवार्य बनाए जाने पर बल दिया। इसके उपरांत उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में अनुशासन की महत्ता पर जोर देते हुए कहा कि अनुशासित रहकर ही सारे लक्ष्यों की प्राप्ति संभव है। उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर के साथ साथ विश्वविद्यालय के छात्रावास की भी आधारभूत संरचना को दुरुस्त करने की बात कभी। इस क्रम में शिक्षकों से परस्पर संवाद के दौरान उन्होंने कहा कि अकादमिक श्रेष्ठता की प्राप्ति संसाधनों की उपलब्धता और उसके सभी उपयोग के द्वारा ही हासिल की जा सकती है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय परिवार जिसमें शिक्षक, कर्मी और विद्यार्थी समाहित होते है, के परस्पर सहयोग और सामूहिकता से ही उपरोक्त लक्ष्यों की पूर्ति संभव है। इस अवसर पर सभी संकायों के डीन, विभागाध्यक्ष और शिक्षकों की उपस्थिति रही। यह जानकारी पीआरओ डॉ राजेश कुमार सिंह ने दी।
