रांची, 09 जून 2026: झारखंड सरकार राज्य के कृषि क्षेत्र को नई दिशा देने के लिए पहली बार तीन दिवसीय राज्यस्तरीय कृषि मेले का आयोजन करने जा रही है। 16, 17 और 18 जून 2026 को आयोजित होने वाले इस मेले का उद्घाटन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे। कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने मेले की तैयारियों की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने विभागीय अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक कर कहा कि यह आयोजन केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, नवाचार और सरकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रभावी मंच होगा। उन्होंने सुनिश्चित करने को कहा कि मेले में आने वाले प्रत्येक किसान को नई तकनीकों और योजनाओं की जानकारी का लाभ मिले।
मेले में देशभर के 50 से अधिक कृषि वैज्ञानिक, शोधकर्ता और विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे। यहां किसानों को उन्नत खेती, फसल प्रबंधन, कृषि आधारित उद्यमिता और रोजगार के नए अवसरों के बारे में जानकारी दी जाएगी। साथ ही अत्याधुनिक कृषि उपकरणों और विभिन्न राज्यों की सफल कृषि पद्धतियों का प्रदर्शन भी किया जाएगा।
सरकार इस आयोजन के माध्यम से कृषि को लाभप्रद व्यवसाय के रूप में विकसित करने और कृषि निवेश को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दे रही है। मेले में कृषि उद्यमियों, व्यापारियों और निवेशकों को भी भागीदारी का अवसर मिलेगा।
कृषि मेले को आम लोगों से जोड़ने के लिए प्रतिदिन शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें झारखंड की लोक संस्कृति और कला की झलक देखने को मिलेगी। विभाग का मानना है कि यह आयोजन कृषि क्षेत्र में युवाओं की रुचि बढ़ाने और किसानों को नई तकनीकों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

