रांची, 09 जून 2026: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर रांची के कोकर स्थित उनके समाधि स्थल पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उन्होंने भगवान बिरसा के योगदान को याद करते हुए उन्हें जनजातीय स्वाभिमान, साहस और स्वतंत्रता चेतना का महानायक बताया।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान आदित्य साहू ने कहा कि झारखंड के लोग भगवान बिरसा मुंडा को देवता के रूप में पूजते हैं और राज्य में किसी भी महत्वपूर्ण कार्य की शुरुआत उनके प्रति श्रद्धांजलि अर्पित कर की जाती है। उन्होंने कहा कि अंग्रेजी शासन के शोषण और अन्याय के खिलाफ भगवान बिरसा मुंडा ने विपरीत परिस्थितियों में भी संघर्ष का बिगुल फूंका और उलगुलान का नेतृत्व किया, जो आज भी समाज को प्रेरित करता है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का संपूर्ण जीवन आदिवासी समाज की अस्मिता, राष्ट्रसेवा, सामाजिक समरसता और जनकल्याण के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि झारखंड की धरती भगवान बिरसा के संघर्ष, त्याग और आंदोलनों से सिंचित हुई है।
राज्य की वर्तमान परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए आदित्य साहू ने कहा कि झारखंड आज कई चुनौतियों से गुजर रहा है। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा से प्रार्थना की कि राज्य के लोगों को अत्याचार और अन्याय से मुक्ति मिले तथा समाज में न्याय और समरसता स्थापित हो।
कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी, प्रदेश मंत्री सरोज सिंह, पूर्व डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी योगेन्द्र प्रताप सिंह, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष आरती कुजूर, सीमा सिंह, रांची महानगर महामंत्री जितेंद्र वर्मा, रवि मुंडा सहित भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

