रांची, 09 जून 2026: उपायुक्त-सह-अध्यक्ष, रांची पहाड़ी मंदिर विकास समिति मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभागार में श्रावण माह 2026 के सफल संचालन एवं मंदिर प्रबंधन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में 30 जुलाई से 28 अगस्त 2026 तक चलने वाले श्रावण मेले की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि 3, 10, 17 और 24 अगस्त को सोमवार पड़ने के कारण श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। इसे देखते हुए उपायुक्त ने सभी विभागों को समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने अग्निशमन व्यवस्था, पेयजल, चलंत शौचालय, स्ट्रीट लाइट मरम्मत, स्वास्थ्य सुविधाएं, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि श्रावण माह के दौरान बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा बिजली विभाग के कर्मियों की 24 घंटे प्रतिनियुक्ति रहे।
सिविल सर्जन को नाग पंचमी, पूर्णिमा और प्रत्येक सोमवार को मेडिकल टीम दवाओं एवं स्ट्रेचर के साथ तैनात रखने का निर्देश दिया गया। वहीं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नामकुम स्थित स्वर्णरेखा नदी के समीप सर्विस रोड एवं पहाड़ी मंदिर के अप्रोच रोड की मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में अतिक्रमण हटाने, साफ-सफाई बनाए रखने, प्लास्टिक उपयोग पर रोक लगाने, ड्रेनेज व्यवस्था सुधारने तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय के लिए वॉकी-टॉकी खरीदने का भी निर्णय लिया गया।
उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए समय सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

