रांची, 09 जून 2026: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में सोमवार को कोकर स्थित धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के समाधि स्थल पर उनकी पुण्यतिथि के अवसर पर पुष्पांजलि अर्पित की गई और प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।
इस अवसर पर कांग्रेस विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप, राज्यसभा सांसद उम्मीदवार प्रणव झा, विधायक ममता देवी, दिल्ली कांग्रेस के प्रभारी सुरेन्द्र चौधरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इसके बाद रांची स्थित कांग्रेस भवन में आयोजित शहादत दिवस कार्यक्रम में भी कांग्रेसजनों ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी शासन की शोषणकारी नीतियों के खिलाफ आदिवासी समाज को संगठित कर ऐतिहासिक उलगुलान (महान जनक्रांति) का नेतृत्व किया। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा का संघर्ष आदिवासी अधिकारों, सामाजिक न्याय और स्वतंत्रता के लिए था, जो आज भी समाज को प्रेरित करता है।
वहीं कांग्रेस विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अन्याय, शोषण और दमन के विरुद्ध संघर्ष का जो रास्ता दिखाया, वह आज भी प्रासंगिक है। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज में समानता और जनकल्याण के लिए कार्य करने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में डॉ. राजेश गुप्ता, आलोक कुमार दूबे, राकेश सिन्हा, रियाज अंसारी, सोनाल शांति, निरंजन पासवान, सुरेंद्र सिंह, कामेश्वर गिरी, जगदीश साहु, राज उरांव, डॉ. राजीव नारायण प्रसाद, मुन्ना सिंह, छोटू सिंह, मृत्युंजय कुमार, मृदुल राज, खालिद सैफुल्लाह, अजय सिंह, संजय कुमार, उमेश चौधरी, अब्दुस सलाम अंसारी एवं रामानंद केशरी सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित थे।

