![]()
झारखंड के जामताड़ा जिले में साइबर अपराधियों ने एक मजदूर के बैंक खाते से 61 हजार रुपए की ठगी की है। यह घटना नारायणपुर थाना क्षेत्र के टोपाटॉड गांव में हुई। पीड़ित की पहचान कमरुल अंसारी के रूप में हुई है, जिनका बैंक ऑफ इंडिया की नारायणपुर शाखा में खाता है। कमरुल मुंबई में एक निर्माण कंपनी में मजदूरी करते हैं। उनके खाते में कुल 61 हजार रुपए जमा थे, जिसे साइबर ठगों ने फोनपे के माध्यम से कई बार में निकाल लिया। अपराधियों ने 5-5 हजार रुपए की 12 निकासी और फिर 1 हजार रुपए की एक अतिरिक्त निकासी कर कुल 61 हजार रुपए की धोखाधड़ी की। कमरुल अंसारी के अनुसार, उन्हें न तो कोई संदिग्ध फोन कॉल आया और न ही उन्होंने किसी के साथ कोई ओटीपी साझा किया। उनके खाते से यह राशि 29 और 30 मई की दरमियानी रात करीब 2 बजे निकाली गई। बैंक स्टेटमेंट में भी फोनपे के माध्यम से हुए लेनदेन की पुष्टि हुई है। कमरुल स्वयं भी ऑनलाइन लेनदेन के लिए फोनपे का उपयोग करते हैं, लेकिन उन्हें यह समझ नहीं आ रहा है कि साइबर अपराधियों ने उनके खाते तक कैसे पहुंच बनाई। खाते से राशि कटने की जानकारी मिलने पर कमरुल ने बैंक ऑफ इंडिया की नारायणपुर शाखा से संपर्क किया। बैंक अधिकारियों ने उन्हें खाते का स्टेटमेंट दिया और साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी। इस ठगी के बाद अब उनके खाते में मात्र 10 रुपए 27 पैसे शेष बचे हैं। घटना के बाद पीड़ित ने जामताड़ा साइबर थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल ने बताया कि आवेदन प्राप्त हो गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है तथा एक अनुसंधान पदाधिकारी (आईओ) की नियुक्ति कर दी गई है। पुलिस फोनपे ट्रांजैक्शन, बैंकिंग रिकॉर्ड तथा अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है।
