रांची : रातू थाना क्षेत्र के कुंबाटोली गांव में 19 वर्षीय युवती के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है, जबकि दो आरोपी अब भी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता मूल रूप से खूंटी जिले के रनिया की रहने वाली है और वर्तमान में धुर्वा क्षेत्र में रहती है। पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि 12 जुलाई की रात वह अपनी सहेली मरियम टुटी, उसके मित्र अंकित उरांव और अन्य लोगों के साथ रातू के कुंबाटोली स्थित अंकित उरांव के घर जाने निकली थी।
आरोप है कि रास्ते में स्कूटी चला रहे सुदीप उरांव ने उसे सुनसान स्थान पर ले जाकर जबरदस्ती करने की कोशिश की। विरोध करने पर वहां अन्य युवक भी पहुंच गए और उसे ब्रजपुर स्थित एक बंद मकान में ले जाया गया, जहां उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया गया। पीड़िता ने आरोपियों पर अमानवीय व्यवहार करने का भी आरोप लगाया है।
घटना के बाद पीड़िता को उसकी सहेली के साथ घर छोड़ दिया गया। मानसिक और शारीरिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण उसने 14 जुलाई को रातू थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी के निर्देश पर डीएसपी अजय आर्यन के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने जांच के दौरान सात नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं नामजद आरोपी अमनदीप उरांव और सुदीप उरांव फिलहाल फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
